काबुल। अफगानिस्तान में शांति बहाली को लेकर लगातार अफगान सरकार के प्रतिनिधियों और तालिबान के बीच वार्ता चल रही है। इसके बावजूद आतंकी हमलों का सिलसिला नहीं थम रहा है। अब रविवार को अफगानिस्तान के परवान प्रांत में एक बड़े आतंकी हमले को अंजाम दिया गया।
स्थानीय मीडिया टोलो न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, परवान प्रांत के चरिकर शहर में रविवार दोपहर एक बस को निशाना बनाकर बम विस्फोट किया गया, जिसमें महिलाओं और बच्चों सहित कम से कम ग्यारह लोग घायल हो गए।
यह भी पढ़ें :- Afghanistan Mosque Bombing: जुमे की नमाज के वक्त काबुल की मस्जिद में धमाका, इमाम समेत 12 की मौत
सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट में बताया गया है कि रविवार दोपहर परवान प्रांत के चरिकर सिटी के जिला 2 में एक बस को निशाना बनाकर विस्फोट किया गया। प्रांतीय पुलिस प्रवक्ता सलीम नूरी ने जानकारी देते हुए बताया कि परवान प्रांत के चरिकर शहर में रविवार दोपहर एक बस को निशाना बनाकर किए गए विस्फोट में महिलाओं और बच्चों समेत 11 लोग घायल हो गए। फिलहाल, इस हमले की जिम्मेदारी किसी भी आतंकी संगठन ने नहीं ली है। मामले की जांच की जा रही है।
बता दें कि दशकों से चले आ रहे गृहयुद्ध को समाप्त करने के लिए अफगान क्षेत्र से अमरीकी सैनिकों की वापसी के बीच अफगानिस्तान में हिंसा में वृद्धि देखी जा रही है। जबकि तालिबान और अफगान सरकार समेत संबंधित हितधारक शांति समझौते को लेकर अभी भी कतर की राजधानी दोहा में बातचीत कर रहे हैं।