काबुल। अफगानिस्तान से अमरीकी सैनिकों की वापसी के साथ ही आतंकी हमलों को सिलसिला शुरू हो गया है। मंगलवार को अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में “ग्रीन जोन” के पास एक शक्तिशाली विस्फोट हुआ। हालांकि, इसमें किसी के हताहत होने की कोई खबर सामने नहीं आई है, जबकि 6 लोग घायल हो गए हैं।
जिस इलाके में धमाका किया गया वहां पर कई सरकारी इमारतें और विदेशी दूतावासों के कार्यालय स्थित हैं। एक पुलिस अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया है कि छिटपुट गोलीबारी के बाद ये जोरदार धमाका किया गया। ऐसा लगता है कि यह जोरदार धमाका एक कार बम के विस्फोट के कारण हुआ और इसका स्पष्ट लक्ष्य संसद सदस्यों के आवास को निशाना बनाना था।
अधिकारी ने बताया कि दो बंदूकधारी अभी भी इलाके में मौजूद हैं। दोनों बंदूकधारियों और अफगान सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ जारी है। शहर के इमरजेंसी अस्पताल ने एक ट्वीट में कहा है कि हमले में अब तक छह लोग घायल हुए हैं। फिलहाल, इस हमले की जिम्मेदारी अभी तक किसी भी आतंकी संगठन ने नहीं ली है।
बता दें कि अफगान बलों और तालिबान के बीच अब पूरे देश में संघर्ष तेज हो गया है क्योंकि तालिबान ने अब कई व्यापारिक चौकियों और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं पर नियंत्रण हासिल कर लिया है।