अफगानिस्तान में तालिबानियों ने कंधार जेल पर किया कब्जा, कई राजनैतिक कैदियों को छुड़ाया

तेहरान। अफगानिस्तान में तालिबान तेजी से अपने पांव पसार रहा है। तालिबान अपनी ताकत के बल पर अफगानिस्तान के प्रांतों को तेजी से अपने कब्जे में लेने की कोशिश में लगा हुआ है। वहीं खबर आई है कि तालिबान ने बड़ी कार्रवाई कर कंधार की जेल को तोड़कर कई राजनैतिक कैदियों को छुड़ा लिया है।

ये भी पढ़ें: नासा की रिपोर्ट में दावा, भारत के इन 12 शहरों का वर्ष 2100 तक मिट जाएगा नामोनिशान

तालिबान बीते माह भी इस जेल पर हमला कर चुका था। मगर उसे कैदियों को छुड़ाने में कोई सफलता हाथ नहीं लगी थी। बुधवार को फिर उसने पूरी ताकत के साथ कंधार जेल पर हमला बोल दिया। ऐसे हमलों से अफगान सरकार को सीधे चुनौती दी जा रही है।

नौ प्रांतीय राजधानियों पर कब्जा

तालिबानी आतंकियों ने कुंदुज प्रांत में अफगान सेना के मुख्यालय पर कब्जा कर लिया। मंगलवार को तालिबान ने उत्तर पूर्वी बदख्शन प्रांत की राजधानी फैजाबाद पर अपना कब्जा जमा लिया। तालिबान ने गत पांच दिनों के अंदर नौ प्रांतीय राजधानियों पर कब्जा जमा लिया है।

ये भी पढ़ें: अफगानिस्तान: तालिबान के दुस्साहस को देख पश्चिमी देश हैरान, काबुल पर भी कब्जा जमाने की कोशिश

वहीं, तालिबान ने भारत द्वारा 2019 में अफगान सेना को तोहफे में दिए एमआई-24 लड़ाकू हेलिकॉप्टर पर कब्जा कर लिया है। कुदुंज एयरपोर्ट पर बुधवार को कब्जे के दौरान तालिबान ने इसे भी हथिया लिया।

नागरिकों को वापस बुला रहा भारत

अफगानिस्तान में मौजूद भारतीय दूतावास ने एक सुरक्षा एडवायजरी में वहां पर रहे वाले भारतीय नागरिकों को देश वापसी की तत्काल तैयारियां करने की सलाह दी है। इसके साथ दूतावास ने भारतीय कंपनियों को आगाह किया है कि वह अफगानिस्तान में अपने परियोजना स्थलों से भारतीय नागरिकों को तुरंत वापस बुलाएं। तालिबान अब काबुल की ओर लगातार बढ़ रहा है। बताया जा रहा है कि अफगानिस्तान में करीब 70 फीसदी हिस्सा तालिबान के कब्जे में है। ऐसे में अब काबुल की सुरक्षित रखना कठिन होता जा रहा है।